एनएच पर दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराई बाइक, वन आरक्षक की मौके पर मौत

यूनुस मेमन


रतनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में वन आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा नेशनल हाईवे पर ग्राम कर्रा मोड़ के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, रेकी निवासी अमरनाथ पटेल कटघोरा वन मंडल के गुरसिया रेंज में वन आरक्षक के पद पर पदस्थ था। बुधवार को वह अपने साथी भानू राज के साथ एक दोस्त के बेटे की छठी कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया था। कार्यक्रम के बाद देर रात करीब 12 बजे दोनों बाइक से गुरसिया लौट रहे थे।
इसी दौरान कर्रा मोड़ के पास अंधेरा होने के कारण अमरनाथ को सड़क का डिवाइडर नजर नहीं आया और तेज रफ्तार बाइक सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमरनाथ के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में पीछे बैठे भानू राज को भी गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!