बिर्रा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: प्राणघातक हमलावर गिरफ्तार, कई धारदार हथियार बरामद

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना क्षेत्र में देर रात हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, गंडासा, धारदार नुकीला बिन्हा और ट्रैक्टर की लोहे की नांगर पट्टी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल की रात करीब 3 बजे ग्राम सिलादेही निवासी 34 वर्षीय शांति लाल कटकवार ने ग्राम गतवा निवासी संतोष साहू के घर में घुसकर हमला किया। आरोपी पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान के रास्ते छत पर पहुंचा और दरवाजे का ताला आरी-ब्लेड से काटकर घर में दाखिल हुआ। वह अपने साथ कई घातक हथियार लेकर आया था और पुरानी रंजिश के चलते संतोष साहू एवं ओमप्रकाश साहू पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में दोनों पीड़ितों को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में बिर्रा पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सभी हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 331(6) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में फॉरेंसिक क्राइम यूनिट प्रभारी सृष्टि राय, थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू सहित बिर्रा थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!