
दिनांक: 08 जुलाई 2026
स्थान: बिलासपुर

छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ महासंघ द्वारा प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी, रायपुर के नाम आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को बिलासपुर रीजन के क्षेत्रीय कार्यालय में बड़ी संख्या में बिजली अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय तिवारी ने कहा कि बिजली कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित न्यायोचित मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाना चाहिए। यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री श्री नवरतन बरेठ ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से 10 जुलाई को रायपुर में आयोजित विशाल आमसभा एवं विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया तथा संगठन की एकता को ही कर्मचारियों की सबसे बड़ी ताकत बताया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कु कविता विश्वकर्मा ने कहा कि बिजली कंपनियों की मजबूती और कर्मचारियों के हित एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी से असंतोष बढ़ रहा है, इसलिए प्रबंधन को सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री रामायण सूर्यवंशी ने बिलासपुर रीजन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उत्साह और एकजुटता के साथ साथियों ने आंदोलन में भागीदारी की है, उससे संगठन और अधिक मजबूत हुआ है।
क्षेत्रीय सचिव श्री रविकांत ठाकुर ने सभी कर्मचारियों से आगामी आंदोलन के प्रत्येक चरण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि एकजुट संघर्ष से ही कर्मचारियों के हित सुरक्षित रहेंगे।
विशेष आमंत्रित श्री संतोष शर्मा ने अपने उद्बोधन में कर्मचारियों से संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आह्वान किया तथा आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन श्री रामेश्वर मानिकपुरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिजली अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
