अवैध रेत खनन के बीच दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से 17 वर्षीय मजदूर की मौत, एक गंभीर

यूनुस मेमन


बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय नाबालिग मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ग्राम गढ़वट के पास खारंग नदी की है, जहां रात के अंधेरे में रेत लोड कर ले जा रहा ट्रैक्टर अचानक पलट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक अमित कश्यप (17 वर्ष), पिता रमेश कश्यप, तथा घायल अमित यादव, पिता विजय यादव, दोनों ग्राम गढ़वट के निवासी हैं। हादसे में अमित कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित यादव को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मौत ट्रैक्टर पलटने से हुई या फिर रेत के ढेर के धंसने से मजदूर उसके नीचे दब गया।


अवैध खनन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि गढ़वट, खैरखुंडी, सरवनदेवरी और लखराम क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन जारी है। रोजाना सैकड़ों ट्रैक्टर और हाईवा के जरिए रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है।


लोगों ने आरोप लगाया है कि इसके बावजूद खनिज विभाग और प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे रेत माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!