
यूनुस मेमन

बिलासपुर। चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक से 17 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। युवक रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को बेलगहना क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो सूटकेस और एक बैग में रखे 10, 20 और 50 रुपये के नोटों के कुल 81 बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 17 लाख 90 हजार रुपये है।
पुलिस ने नकदी को संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया है। आरोपी से रकम के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
इस कार्रवाई में चौकी बेलगहना पुलिस और एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही।
