एआई से अश्लील फोटो बनाकर 20 लाख की वसूली, अब 20 करोड़ की मांग; आरोपी फरार


बिलासपुर। शहर में एआई तकनीक का दुरुपयोग कर ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे से जुड़े एक रागी पर आरोप है कि उसने कारोबारी परिवार की महिला सदस्यों की एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर 20 लाख रुपये वसूल लिए और अब 20 करोड़ की मांग कर रहा है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी मनिंदर सिंह, जो अमृतसर का निवासी है, गुरुद्वारे में कीर्तन करता था। इसी दौरान उसकी पहचान परिवार से हुई। उसने महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी को कीर्तन सिखाने के बहाने नजदीकियां बढ़ाईं और धीरे-धीरे परिवार का भरोसा जीत लिया। बाद में उसने उधारी के नाम पर पैसे लेने शुरू किए।
आरोप है कि जब परिवार ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर महिला, उसकी बहन और नाबालिग बेटी की अश्लील तस्वीरें तैयार कर लीं। इसके बाद उसने इन तस्वीरों को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने की धमकी देकर अलग-अलग किश्तों में करीब 20 लाख रुपये वसूल लिए।
कुछ समय बाद आरोपी ने परिवार से 20 करोड़ रुपये की मांग शुरू कर दी। मना करने पर वह रायपुर के तेलीबांधा स्थित घर तक तलवार लेकर पहुंच गया और जान से मारने की धमकी दी। उस दौरान परिवार ने किसी तरह 2 लाख रुपये देकर अपनी जान बचाई।
डर के कारण शहर छोड़कर गया परिवार बदनामी के डर से पीड़ित परिवार 16 मार्च को बिलासपुर छोड़कर रायपुर चला गया। मामले की शिकायत रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई गई, जहां शून्य पर एफआईआर दर्ज कर केस बिलासपुर के सिविल लाइन थाने को ट्रांसफर किया गया है।
गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को निकाला, अमृतसर भागा घटना सामने आने के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को सेवा से हटा दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल अमृतसर भाग गया है और वहीं से लगातार कॉल कर परिवार को धमकी दे रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!