
बिलासपुर। जिले के पचपेड़ी क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बड़ी बहन द्वारा नदी जाने से मना करने पर 11 वर्षीय बच्चे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार के लवन क्षेत्र के बाजार भांठा निवासी गौकरण केंवट अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कुकर्दीकला स्थित एक ईंट भट्ठे में झोपड़ी बनाकर रह रहा है। सोमवार को गौकरण अपनी पत्नी के साथ काम पर चला गया था, जबकि घर पर उसका बेटा शुभम केंवट (11) और बड़ी बेटी मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि सुबह बड़ी बहन पड़ोस की महिला के साथ नदी नहाने जा रही थी। इस दौरान शुभम ने भी साथ जाने की जिद की, लेकिन बहन ने उसे मना करते हुए घर पर ही रहने को कहा। इसी बात से नाराज होकर बच्चे ने यह कदम उठा लिया।
जब बहन नदी से नहाकर वापस लौटी तो उसने देखा कि शुभम झोपड़ी के अंदर कपड़े के फंदे से लटका हुआ है। यह देख वह चीखने लगी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
