नशे में वकील का तलवार लहराते वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मामला

शशि मिश्रा


बिलासपुर। शहर की पॉश कॉलोनी रामा-वैली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वकील द्वारा सरेआम हथियार लहराकर दहशत फैलाने का मामला उजागर हुआ है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी वकील अंशुमन श्रीवास्तव (41) अपने घर के बाहर शराब के नशे में धुत होकर उत्पात मचा रहा था। इस दौरान उसके हाथ में पिस्टल, तलवार और फरसा नुमा हथियार थे, जिन्हें लहराकर वह आसपास से गुजरने वाले लोगों को डराने की कोशिश कर रहा था। आरोपी की इस हरकत से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी थे या अवैध।
इस घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!