डेटोनेटर ब्लास्ट से CSC सेंटर में नुकसान, 3 आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनाहिल स्थित वेदान्त सर्विस CSC सेंटर में डेटोनेटर फटने से हुए नुकसान के मामले में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना में कंप्यूटर सामग्री, कुर्सी, टेबल सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं संचालक को भी चोट आई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी भूपेन्द्र कुमार साहू, निवासी धरदेई (हाल मुकाम बनाहिल), स्टेट बैंक के पास किराए के मकान में रहकर वेदान्त सर्विस के नाम से CSC सेंटर संचालित करते हैं। घटना की रात करीब 11:45 बजे उन्हें दुकान का शटर खुलने-बंद होने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर दुकान के अंदर धुआं भरा हुआ था और एक जलती हुई रस्सीनुमा वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखने पर वह ब्लास्टिंग में उपयोग होने वाला डेटोनेटर निकला।
प्रार्थी ने उसे उठाकर बाहर फेंका, तभी जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके से दुकान में रखे कंप्यूटर, CPU, प्रिंटर, कुर्सी, रैक सहित अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान प्रार्थी के पैर में भी चोट आई।
सूचना मिलते ही थाना मुलमुला पुलिस और साइबर टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में रूपेश कुमार वर्मा (41 वर्ष), रमन कुमार कैवर्त्य (32 वर्ष) और अनुज केंवट (45 वर्ष) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!