

बिलासपुर। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले चालकों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्त अभियान शुरू किया है। इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कैमरों की निगरानी के जरिए अब तक 2,621 वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर लगातार निगरानी रख रही है। विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वालों को चिन्हित कर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 21(25) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

यातायात पुलिस के अनुसार, युवाओं में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने या एयरबड्स और ईयरफोन लगाकर वाहन चलाने की प्रवृत्ति अधिक देखी जा रही है। इससे चालक का ध्यान सड़क से हट जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से ऐसे वाहन चालकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही पीए सिस्टम के जरिए भी लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। यह न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात अनुशासन का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। वर्ष 2025 में जिले में करीब 63 हजार नए वाहन जुड़े थे और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था को रोका जा सकता है।
