किराए के ट्रैक्टर बेचकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति बरामद

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने किसानों से किराए पर ट्रैक्टर लेकर उन्हें धोखाधड़ी से बेचने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत के 4 ट्रैक्टर इंजन और 1 ट्रॉली बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुराग दास महंत (34 वर्ष), निवासी खैरा चौकी नैला, जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम पावर हाउस, बिलासपुर) के रूप में हुई है। आरोपी किसानों को ट्रैक्टर किराए पर देने का झांसा देता था और फिर उन्हीं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को फर्जी शपथ पत्र के आधार पर अन्य लोगों को बेच देता था।
शिकायत से खुला मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब परसाही नाला निवासी विनोद कुमार खुसरो ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली को काम के बहाने ले गया और वापस नहीं किया। बाद में संपर्क करने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा और अंततः फरार हो गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने किराए पर लिए गए ट्रैक्टरों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच दिया। वह अलग-अलग नामों से किसानों को झांसा देकर ठगी करता था। आरोपी ने अकलतरा, पामगढ़ और नैला क्षेत्र में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।
त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
थाना अकलतरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 318(4) और 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरालकर, आरक्षक गौकरण राय, राजा जयप्रकाश और राज पांडे की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लेन-देन में सतर्कता बरतें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!