
यूनुस मेमन

बिलासपुर।
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू, कट्टा नुमा हथियार और घटना में प्रयुक्त कार जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 4 अप्रैल 2026 को फोन के जरिए सूचना मिली कि रानीगांव मेन रोड पर दो व्यक्ति आम लोगों को चाकू और कट्टा दिखाकर भयभीत कर रहे हैं और उत्पात मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंशिका जैन ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम गठित कर मौके पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नबीदाद खान (42) निवासी करैहापारा रतनपुर और दीशू कोरी (23) निवासी रानीगांव शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक धारदार चाकू, एक कट्टा नुमा हथियार और एक कार जब्त की। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश पांडेय, उप निरीक्षक नरेश गर्ग सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
