

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने दिनांक 04 अप्रैल 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-छिंदवाड़ा-सिवनी-नैनपुर एवं गढ़ा रेलखंड का व्यापक ‘विंडो ट्रेलिंग’ के माध्यम से संरक्षा निरीक्षण किया। सुबह 06:30 बजे इतवारी स्टेशन से विशेष निरीक्षण यान द्वारा शुरू हुआ यह दौरा रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण पर केंद्रित रहा।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से ‘विंडो ट्रेलिंग’ के जरिए रेल पटरियों की स्थिति, पॉइंट्स, क्रॉसिंग्स और सिग्नलों की दृश्यता का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने ट्रेन की गति के दौरान राइडिंग क्वालिटी को मापा, ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित और आरामदायक सफर सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान रेलखंड के प्रमुख स्टेशनों छिंदवाड़ा, सावनेर, सिवनी, घंसौर, शिकारा, नैनपुर एवं गढ़ा इत्यादि पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक ने निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्म्स, उन्नत वेटिंग हॉल्स, मॉल लदान शेड जैसे विकास कार्यों की प्रगति को देखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना इन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशनों पर पेयजल की उपलब्धता, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और बैठने की व्यवस्था का व्यक्तिगत रूप से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए स्टेशनों पर वाटर कूलर्स सुचारू रूप से कार्य करें और कोच इंडिकेटर बोर्ड्स व उद्घोषणा प्रणाली यात्रियों को सटीक जानकारी प्रदान करें। इसके साथ ही, विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ओएचई की कार्यक्षमता को परखा गया ताकि तकनीकी कारणों से ट्रेनों के परिचालन में कोई बाधा न आए इसके अलावा स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा गश्त बढ़ाने तथा अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस महत्वपूर्ण दौरे में मंडल के सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिनमें मुख्य परियोजना गति शक्ति यूनिट, चिकित्सा, सिग्नल एवं दूरसंचार , मैकेनिकल, परिचालन, वाणिज्य, विद्युत, संरक्षा, कार्मिक और मंडल सुरक्षा आयुक्त सहित अन्य विभागों से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित रहीं। साथ ही उनके द्वारा जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर उनके सुझाव प्राप्त किए।
मंडल रेल प्रबंधक ने विभिन्न स्टेशनों पर तैनात फील्ड स्टाफ जैसे गेटमैन, पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टरों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली की सराहना की और उन्हें संरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे का मुख्य लक्ष्य सुरक्षा के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करना है, ताकि इस रेल खंड पर यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव प्राप्त हो सके।
