

गौरेला। थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नशे में धुत एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम पिपरिया निवासी भरत सिंह, छोटेलाल और सुखराम बाइक से गांव के पास स्थित नदी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़खुरी की ओर से आ रहे नागर (कल्टीवेटर) लगे ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 31 बी 3803 के चालक ने तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक ट्रैक्टर के पहियों और नागर के बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और डायल 112 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान भरत सिंह ने दम तोड़ दिया।
घटना में घायल छोटेलाल और सुखराम की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी चालक को घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गौरेला पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
