

बिलासपुर |
बिलासपुर में इन दिनों एक नया मेला लगा है, और यह मेंला है सरकंडा बहतराई रोड स्थित डी मार्ट स्टोर में। ऐसा भी नहीं है कि बिलासपुर में पहली बार कोई सुपर मार्केट या स्टोर खुला हो। इससे पहले ईजी डे से लेकर बिग बाजार, रिलायंस स्टोर, सुमित बाजार विशाल मेगा मार्ट जैसे ना जाने कितने ऐसे स्टोर थे लेकिन आम धारणा है कि डी मार्ट में ग्रॉसरी और अन्य चीज सस्ती मिलती है। इसका ऐसा क्रेज है कि अप्रैल महीने में डी मार्ट स्टोर खोलते ही यहां लोग उमड़ पड़े।
पूरे परिवार के साथ जैसे मेला देखने लोग पहुंच रहे हैं ।इस वजह से यहां पार्किंग तक की जगह नहीं बची। लोग सड़क पर ही गाड़ी पार्क कर रहे हैं। वही स्टोर में भी चलने की जगह तक नहीं है ।घंटों लाइन में लगकर बिलिंग करानी पड़ रही है। एक दूसरे से धक्का मुक्की कर लोग चीज खरीदते देखे जा सकते हैं। इसका नकारात्मक प्रभाव ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पड़ा है।

सरकंडा के बहतराई रोड स्थित D-Mart के सामने ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्टोर की एंट्री और एक्जिट सड़क से सीधे जुड़े होने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग रहा है।
रविवार को जाम की सूचना मिलने पर यातायात एएसपी रामगोपाल करियारे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले ट्रैफिक को क्लियर कराया, इसके बाद डी-मार्ट के एक्जिट गेट को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।
अधिकारियों ने डी-मार्ट प्रबंधन को निर्देश दिया कि गेट को सड़क से पीछे शिफ्ट किया जाए। जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं बनती, तब तक अस्थायी रूप से पीछे से एक्जिट गेट खोलने और दोनों ओर एक-एक वालेंटियर तैनात करने को कहा गया है, ताकि सड़क पर वाहनों की कतार न लगे।
अनुमति में ट्रैफिक का नहीं रखा गया ध्यान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन निर्माण के समय टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और नगर निगम ने ट्रैफिक व्यवस्था को नजरअंदाज किया। यही वजह है कि एंट्री और एक्जिट गेट सीधे सड़क से जुड़े हुए हैं, जिससे रोजाना बहतराई रोड पर जाम की स्थिति बन रही है।

सड़क तक हो रही पार्किंग से बढ़ी समस्या
स्थिति को और गंभीर बनाते हुए, डी-मार्ट परिसर में पर्याप्त पार्किंग होने के बावजूद ग्राहक सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर रहे हैं। दोनों ओर खड़ी गाड़ियों के कारण आम राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आसपास के लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। फिलहाल पुलिस के निर्देशों के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है।
