
बिलासपुर |
बिलासपुर। शहर के मदर टेरेसा वार्ड-12 स्थित मंदिर चौक के पास सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। नजूल विभाग द्वारा सीमांकन और नगर निगम की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कब्जाधारी द्वारा दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में निर्माण तेजी से जारी है और छत ढालने की तैयारी की जा रही है, जबकि निगम की कार्रवाई पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
जानकारी के अनुसार नजूल जमीन शीट नंबर 4, भूखंड क्रमांक 68/8 को दो प्लॉटों के बीच रास्ते के रूप में दर्ज किया गया है। आरोप है कि पास में रहने वाली मोना राय द्वारा इस भूमि पर कब्जा कर भवन निर्माण किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद नजूल विभाग ने मौके का सीमांकन कर अपनी रिपोर्ट नगर निगम को भेजते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
नगर निगम के भवन अधिकारी द्वारा इस संबंध में नोटिस भी जारी किया गया था, जिसके बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य रुका रहा, लेकिन अब एक बार फिर तेजी से निर्माण शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों की उदासीनता उजागर
मामले में नगर निगम के भवन अधिकारी अनुपम तिवारी की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। बताया जा रहा है कि उनसे दो बार चर्चा की गई, लेकिन उन्होंने एक बार मामले के आयुक्त के समक्ष लंबित होने का हवाला दिया, वहीं दूसरी बार संबंधित इंजीनियर के अवकाश पर होने की बात कहकर कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए।
जांच के निर्देश
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा है कि नोटिस जारी होने के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण नहीं रोका गया तो सरकारी भूमि पर स्थायी कब्जा हो सकता है, जिससे भविष्य में रास्ते की समस्या और बढ़ जाएगी।
