

बिलासपुर-इतिहास में पहली बार नगर निगम बिलासपुर ने राजस्व में मार्च महीने तक 100 करोड़ वसूल लिया है । पुराने अपने सभी रिकार्ड को तोड़ते हुए नगर निगम ने 31 मार्च तक समस्त राजस्व आय में वृद्धि करते हुए 102 करोड़ 32 लाख रूपये वसूला है। शासन द्वारा कर भुगतान में एक माह 30 अप्रैल तक दिए छूट के बाद यह आंकड़ा और भी बढ़ेगा। पिछले वर्ष से अधिक वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने सभी आरआई और एआरआई को 30 अप्रेल तक वसूली पूरा करने के निर्देश दिए और राजस्व वसूली में वृद्धि होने पर टीम का उत्साहवर्धन भी किया।
पिछले वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने संपत्तिकर,समेकित यूजर चार्ज,भूखण्ड,दुकान,नीलामी,किराया समेत अन्य स्त्रोत को मिलाकर 31 मार्च तक 90 करोड़ 11 लाख वसूला था,जो रिकार्ड था। मगर इस साल पूर्व निर्धारित तिथि 31 मार्च तक निगम ने पुराने रिकार्ड को तोड़ते हुए 102 करोड़ 32 लाख की वसूली की है। इस साल सबसे खास बात यह है की राजस्व का मुख्य आधार संपत्तिकर,समेकित और यूजर चार्ज को मिलाकर 62 करोड़ 68 लाख 40 हजार वसूला गया है। दुकान,भूखण्ड,किराया समेत अन्य स्त्रोत से 37 करोड़ 93 लाख 86 हजार वसूला गया है।
अभियान और माॅनिटरिंग से मिली सफलता
पहली बार मार्च महीने तक 100 करोड़ की वसूली करने के लिए नगर निगम ने कई माह पूर्व से ही निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश में अभियान शुरू कर दिया था। डोर टू डोर संपर्क,शिविर, बड़े बकायादारों से सख्ती और नवाचार तथा ऑनलाइन सुविधा से निगम अपने लक्ष्य के करीब पहुंचा है। राजस्व वसूली को एक प्रकार से अभियान का रूप देते हुए लगातार माॅनिटरिंग की गई है।
