तेज रफ्तार हाइवा ने मारी टक्कर, एक भाई की मौत, दूसरा घायल

शशि मिश्रा


बिलासपुर। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी, जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के मानिकचौरी निवासी गुलशन मरावी (30 वर्ष) अपने भाई संजू मरावी के साथ कपड़ा खरीदने मल्हार गए थे। शाम करीब 5 बजे खरीदारी के बाद दोनों भाई बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिनौरी के पास पचपेड़ी की ओर से आ रहे हाइवा क्रमांक सीजी 12 बीजी 5174 के चालक ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि गुलशन मरावी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि संजू मरावी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस आरोपी हाइवा चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!