
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। की एसीसीयू टीम और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो वाहन चोरों तथा चोरी के वाहन खरीदने वाले दो आरोपियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मामला थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 799/2023 से जुड़ा है। वर्ष 2023 में सिंधी कॉलोनी निवासी दीपक दास मानिकपुरी ने शीतला माता मंदिर के पास खड़ी अपनी एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए रेलवे स्टेशन रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्गेश निषाद और ईश्वर निषाद को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने बिल्हा, सिरगिट्टी और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों से तीन दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने चोरी की एक बाइक लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविंदा और एक एक्टिवा आशुतोष कुमार मिरी को बेचने की बात भी कबूल की। एक अन्य चोरी की बाइक ईश्वर निषाद स्वयं उपयोग कर रहा था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीनों चोरी के वाहन बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्गेश निषाद, ईश्वर निषाद, आशुतोष कुमार मिरी तथा लक्ष्मण विश्वकर्मा उर्फ गोविंदा शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी जांच जारी है।
