

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नकदी और धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी हेमंत कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 मार्च 2026 की सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से नूतन चौक चाय पीने गया था। वहां पहले से मौजूद आरोपी अतुल यादव (20 वर्ष), निवासी लंबोदर नगर, ने उसकी जेब में रखे पैसों पर नजर रखी।
वापसी के दौरान आरोपी ने नूतन कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन के पास प्रार्थी को रोक लिया और चाकू दिखाकर धमकाते हुए उसकी जेब से करीब 50 हजार रुपये लूट लिए। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई और आरोपी को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लूट की रकम में से अधिकांश खर्च कर चुका है। उसके कब्जे से शेष 7400 रुपये नकद और एक लोहे का स्प्रिंगदार धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(2) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
