शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर हमला, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट और हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे पुराना बस स्टैंड के पास शारदा होटल के सामने की है। प्रार्थी दुकान बंद कर घर जा रहा था, जबकि उसका छोटा भाई वहीं होटल के पास रुका हुआ था। इसी दौरान आरोपी भुनेश्वर पटेल उर्फ भन्ना (35 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, ने प्रार्थी के भाई जैकी छाबड़ा से शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखी नुकीली वस्तु से युवक पर हमला कर दिया। हमले में पीड़ित के गले, पेट और दोनों हाथों में चोट आई।
घटना की सूचना मिलने पर तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से थर्मोकोल काटने में उपयोग होने वाला ब्लेड बरामद किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!