
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह आपसी विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई है। घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ सुबह करीब 10 बजे हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर गोली चला दी। गोली पंकज के पैर (जांघ) में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है।
मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

