नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, रायपुर से बरामद हुई पीड़िता


मुंगेली, 18 मार्च 2026।
जिला पुलिस मुंगेली को नाबालिग अपहरण के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में सरगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सरगांव में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को राहुल यादव निवासी मेढ़की द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 33/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 मार्च 2026 को रायपुर के बोरियाखुर्द क्षेत्र से आरोपी के कब्जे से पीड़िता को सकुशल बरामद किया।
थाना लाकर महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पीड़िता और आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 87, 64(1)(2)(ड) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 04 और 06 जोड़ी गई।
पुलिस ने आरोपी राहुल यादव (20 वर्ष), निवासी मेढ़की, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष शर्मा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!