सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी

शशि मिश्रा

बीती रात 5 सफेद कपड़ा पहने नकाबपोशों ने मोपका क्षेत्र में जमकर आतंक मचाया। नकाबपोशों ने दरवाजा फाड़कर तीन सूने मकानों से लाखों के जेवर, बाइक व नकद की चोरी कर आसानी से भाग गए। रात्रि गश्त पर निकले पुलिस कर्मियों को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

मोपका क्षेत्र के चिल्हाटी मोड़ विवेकानंद रेसीडेंसी निवासी घनश्याम कुमार ने बताया कि उनके गांव के बड़े भाई इंजीनियर नितेश रंजन कालोनी में रहते हैं। पिछले 8 दिन से श्री रंजन मकान के दरवाजे में ताला लगाकर बिहार औरंगाबाद चले गए हैं। 15 मार्च की सुबह 8.30 बजे उन्हें कालोनी के लोगों ने सूचना दी कि श्री रंजन के घर में में चोरी हो गई है। वे उनके घर गए तो पता चला कि दरवाजा काटकर सेंट्रल लॉक तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होने मोबाइल में श्री रंजन को घर में चोरी होने की सूचना दी। श्री रंजन ने अपने मोबाइल से घर में लगे सीसीटीवी फुटेज देखकर घर से 4 लाख रुपए के जेवर चोरी होने की जानकारी दी है। उनके लौटने के बाद चोरी गए जेवरों का आंकलन हो पाएगा। उन्होंने चोरी की सूचना मोपका पुलिस सहायता केंद्र को दी। उसके बाद पुलिस मकान का मुआयना करना कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के पतासाजी में जुट गई है।

विवेकानंद रेसीडेंसी निवासी विमला धूरी सास की मृत्यु होने पर घर के दरवाजे में ताला लगाकर चकरभाठा बोदरी चली गई थीं। उनके सूने मकान में चोरों ने धावा बोलकर 5 हजार रुपए नकद, 10 तोला चांदी का पायल, बिछिया, अंगूठी चोरी कर लिया है। इसी तरह अरपा विहार निवासी आशीष बांधे के घर से चोरों ने बाइक चोरी कर लिया है।

चोरी करने के लिए पहनी सफेद ड्रेस

चोरी करने के लिए तीन युवक श्री रंजन के घर में घुसे उन्होंने खास सफेद रंग की कपड़ा व टोपी पहनी थी। उसी भेषभूषा में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। तीनों मकानों में चोरी करते यही गिरोह नजर आ रहा है।

गाउन मुखौटा गिरोह का सुराग नहीं

26 मई 2025 को मस्तूरी जयरामनगर में 4-5 लोगों ने गाउन व चेहरे में मुखौटा लगाकर संजय ज्वेलर्स से 2 लाख 40 हजार के जेवर की चोरी की थी। इसके अलावा 22 मई को मोपका क्षेत्र के गणेशवेली, महावीर सिटी के तीन मकान व तोरवा क्षेत्र के दो मकानों से लाखों का सामान चोरी कर लिया गया था। सभी जगहों पर एक ही गिरोह के द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया था। 11 माह बाद भी पुलिस चोर गिरोह का सुराग नहीं लगा पाई है।

आरी व अन्य औजार से दरवाजा काटा

सीसी टीवी फुटेज में दो बाइक में 5 लोग आते दिख रहे हैं, सुबह 4.12 बजे तीन लोग सफेद पोशाक में श्री रंजन के घर बाउंड्रीवाल कूदकर अंदर जाते और आरी सहित अन्य औजार से आराम से दरवाजा काटकर कर सेंट्रल लॉक तोड़कर अंदर घुसते नजर आ रहे हैं, नकाबपोश सुबह 4.19 बजे चोरी करने के बाद दरवाजा बंदकर बाउंड्रीवाल कूदकर भागते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!