बिलासपुर: व्यंकटेश मंदिर में रामलला की छठी, भजन-बधाई गीतों से गूंजा परिसर


बिलासपुर। सदर बाजार स्थित व्यंकटेश मंदिर में रविवार को भगवान श्रीरामलला की छठी उत्सव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
राम जन्मोत्सव के बाद आयोजित छठी उत्सव में मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया। भगवान श्रीरामलला का विशेष श्रृंगार कर भव्य आसन पर विराजित किया गया। साथ ही भगवान श्रीराम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघन की जीवंत झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजन-अर्चन और महाआरती की गई। इसके पश्चात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें “सदा शुभ होवे जन्म की घड़ी…” और “हे रानी जुग-जुग जीवे तेरा ललना…” जैसे पारंपरिक बधाई गीतों की प्रस्तुति दी गई। भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा।
छठी उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान रामलला के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की शोभायात्रा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों में सहयोग करने वाले 100 से अधिक सेवादारों को मंदिर के महंत डॉ. कौशलेंद्र प्रपत्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।
अंत में श्रद्धालुओं के बीच सोंठ और गुड़ से बने लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!