नशीली कैप्सूल तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, 880 कैप्सूल बरामद


जांजगीर-चांपा जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चांपा पुलिस ने मामले की विस्तृत विवेचना करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से 880 नग नशीली कैप्सूल भी बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से कोसमंदा गांव की तरफ आ रहे हैं और उनके पास भारी मात्रा में नशीली कैप्सूल है। सूचना पर चांपा पुलिस ने कोसमंदा रोड पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रामकिशोर कश्यप और प्रदीप पटेल बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से 469 स्ट्रीप में कुल 3752 नग नशीली कैप्सूल, जिनकी कीमत लगभग 34 हजार 813 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मामले की आगे की विवेचना की जा रही थी। इसी दौरान एंड टू एंड जांच में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने कोरबा निवासी प्रकाश चौहान (उम्र 32 वर्ष) और सुनील विश्वकर्मा उर्फ शिबू (उम्र 27 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 880 नग नशीली कैप्सूल, जिनकी कीमत लगभग 8200 रुपये बताई गई है, बरामद की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक विवेक सिंह (सायबर सेल), सहायक उपनिरीक्षक भुनेश्वर राठौर, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!