स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आभा आईडी’ अपनाने की अपील, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड से मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ


बिलासपुर, 13 मार्च 2026/स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ लेने के लिए आभा आईडी (ABHA – Ayushman Bharat Health Account) बनाने और उसका उपयोग करने की अपील की है। यह 14 अंकों की एक विशिष्ट डिजिटल स्वास्थ्य पहचान संख्या है, जिसके माध्यम से व्यक्ति अपने सभी स्वास्थ्य रिकॉर्ड को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रख सकता है।
आभा आईडी के जरिए मरीजों को अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे और डॉक्टर की पर्चियों को फिजिकल फाइल में संभालकर रखने की आवश्यकता नहीं होती। सभी रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहते हैं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर मरीज की अनुमति से उन्हें देख सकते हैं। इससे उपचार अधिक सटीक और तेज़ी से शुरू किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आभा आईडी मरीजों के लिए एक तरह का डिजिटल हेल्थ लॉकर है। आपातकालीन स्थिति में डॉक्टर को मरीज के स्वास्थ्य से जुड़ी पूरी जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाती है, जिससे समय की बचत होती है। इसके अलावा, आभा आईडी के माध्यम से टेली-कंसल्टेशन की सुविधा भी मिलती है, जिससे लोग घर बैठे प्रमाणित डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। लैब टेस्ट और दवाइयों से जुड़े रिकॉर्ड भी डिजिटल रूप में सुरक्षित रखे जा सकते हैं।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बिलासपुर ने आम जनता से अपील की है कि वे स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं का लाभ लेने के लिए अपना आभा कार्ड या आयुष्मान कार्ड साथ रखें। आधार नंबर और मोबाइल नंबर के माध्यम से भी आभा आईडी बनाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!