

शहर के श्री शिशु भवन हॉस्पिटल में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस सम्मान और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. श्रीकांत गिरी के निर्देशन में हुआ, जिसमें अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. श्रीकांत गिरी ने नर्सिंग स्टाफ की सेवा भावना, समर्पण और अथक परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के उपचार को सफल बनाने में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। मरीजों की देखभाल में नर्सें जिस धैर्य, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय देती हैं, वह स्वास्थ्य सेवा का मजबूत आधार है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में नर्सिंग स्टाफ केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि संस्था की रीढ़ के समान हैं। मरीजों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सेवा भाव मानवता की सच्ची मिसाल है।
इस अवसर पर डॉ. गिरी ने घोषणा की कि आगामी समय में अंतर्राष्ट्रीय नर्सिंग दिवस के साथ-साथ मातृ दिवस भी विशेष उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रमों के दौरान सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में नर्सिंग सुप्रीटेंडेंट संगीता साहू एवं सब सुप्रीटेंडेंट रमा यादव ने भविष्य में और बेहतर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस दौरान डॉ. गुंजा, डॉ. मोनिका जायसवाल, डॉ. प्रणव अंधारे, डॉ. रवि द्विवेदी एवं डॉ. रोशन शुक्ला सहित अन्य चिकित्सकों ने भी अपने संबोधन में नर्सिंग स्टाफ के योगदान को सराहा।

अंत में अस्पताल के प्रबंधक नवल वर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी अस्पताल की पहचान केवल भवन और आधुनिक संसाधनों से नहीं, बल्कि वहां कार्यरत संवेदनशील और समर्पित कर्मचारियों से बनती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ लगातार अपनी सेवाओं से संस्था की प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है।
पूरा कार्यक्रम सम्मान, अपनत्व और सेवा भावना के माहौल में संपन्न
