पंचायत बैठक में सरपंच को गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में पंचायत बैठक के दौरान सरपंच को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस की अजाक थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम लच्छनपुर निवासी सरपंच गेंदराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 फरवरी 2026 को ग्राम पंचायत भवन में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव के विकास कार्यों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान गांव का निवासी रामगोपाल साहू भी वहां मौजूद था।
दोपहर करीब 2 बजे बैठक के दौरान आरोपी ने अनावश्यक विवाद शुरू कर दिया। जब सरपंच और गांव के अन्य लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए सरपंच को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी कहा कि वह पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करेगा और किसी में दम हो तो उसे रोक कर दिखाए।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(5), 3(1) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हत्या, बलवा और धोखाधड़ी के मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
इस कार्रवाई में डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, सहायक उपनिरीक्षक रामेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक रामकृष्ण खैरवार तथा आरक्षक मंगल सिंह नेताम और संजय साहू का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!