कांग्रेस नेता के घर के सामने हंगामा, जान से मारने की धमकी देने पर दो के खिलाफ जुर्म दर्ज

शशि मिश्रा


बिलासपुर। बिलासपुर में कांग्रेस नेता के घर के सामने गाली-गलौज कर हंगामा मचाने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार जबड़ापारा निवासी कांग्रेस नेता महेश नारायण मिश्रा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि 8 मार्च की रात करीब 12:15 बजे निगरानीशुदा बदमाश शैलेन्द्र मिश्रा उर्फ रत्तू और सुरेश नागवानी उर्फ सुरेश सट्टा उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद 9 मार्च को कांग्रेस नेता ने प्रमाण के साथ मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह से की। एसएसपी के निर्देश पर सरकंडा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351 और 3(3), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!