बेलगहना के मोहली गांव में युवक ने लगाई फांसी, जांच में जुटी पुलिस

शशि मिश्रा


बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी के ग्राम मोहली में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सूरज नेटी (24 वर्ष) पिता देवकुमार नेटी, निवासी ग्राम मोहली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार को घर के म्यार (आंगन) में युवक की लाश फांसी के फंदे पर झूलती हुई मिली। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा। उस समय परिजनों को उसके जीवित होने की उम्मीद थी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तुरंत बेलगहना चौकी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार सूरज नेटी मजदूरी के लिए बाहर काम करने जाता था और होली पर्व के चलते कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। बताया जा रहा है कि वह नशे का आदी था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!