

बिलासपुर। अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस की कोनी थाना पुलिस ने बड़ी मात्रा में महुआ लहान बरामद किया है। पुलिस ने घुटकु रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में छिपाकर रखे करीब 6000 किलोग्राम महुआ लाहन को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान 9 मार्च को थाना कोनी पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि घुटकु स्टेशन पारा के आगे रेलवे लाइन किनारे घनी झाड़ियों में बड़ी मात्रा में महुआ लाहन छिपाकर रखा गया है, जिसका उपयोग अवैध शराब बनाने के लिए किया जाना था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घुटकु स्टेशन पारा से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में छिपाकर रखे 300 प्लास्टिक डिब्बों में भरे महुआ लाहन को बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही। संयुक्त कार्रवाई में बरामद करीब 6000 किलो महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोगों की तलाश भी की जा रही है।
