होली पर पुलिस सख्त: कोनी, सरकंडा और सीपत में बदमाशों पर कार्रवाई, अवैध शराब जब्त; 9 गिरफ्तार


बिलासपुर। होली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। कोनी, सरकंडा और सीपत थाना क्षेत्रों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
कोनी में 4 गुंडा-बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
थाना कोनी पुलिस ने संभावित विवाद और मारपीट की घटनाओं की रोकथाम के लिए 4 गुंडा-बदमाशों के खिलाफ धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू उर्फ राहुल दास मानिकपुरी (देवनगर), राधेश्याम लोनिया (गतोरी), राजू सूर्यवंशी और गौतम सूर्यवंशी (रमतला) शामिल हैं। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

सरकंडा में 141 पाव अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार
थाना सरकंडा पुलिस ने होली में बिक्री के लिए ले जाई जा रही अवैध शराब पर कार्रवाई करते हुए ईमलीभाठा बंधवापारा क्षेत्र से 141 पाव देशी प्लेन शराब (कीमत 11,280 रुपये) और एक ई-रिक्शा जब्त किया।
इस मामले में शेखर गढ़ेवाल (छोटी कोनी निवासी) को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। उसका भाई राज गढ़ेवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में की गई।

सीपत में हुड़दंग कर रहे 4 बदमाश जेल भेजे गए
थाना सीपत क्षेत्र में होली के दौरान हुड़दंग और गाली-गलौज कर रहे 4 बदमाशों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार लहर्षण उर्फ चुटाली (कुकदा), सूरज सूर्यवंशी (कुकदा), उमेश केसर (सीपत) और दिलीप कुर्रे (देवरी) शामिल हैं।
शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलेभर में पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!