
आकाश दत्त मिश्रा

बिलासपुर। पिछले दो दिनों से बिलासपुर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए हैं। लिंगियाडीह क्षेत्र भी बारिश से बुरी तरह प्रभावित रहा। इसी बीच लोयोला रोड स्थित जीटी ईडेन कोर्ट रेसिडेंशियल सहकारी समिति मर्यादित ने स्थानीय पार्षद जय वाधवानी और उनके साथ आए 4-5 अज्ञात व्यक्तियों पर जल निकासी के नाम पर बिना अनुमति सोसायटी की बाउंड्री वॉल तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर समिति ने नगर निगम आयुक्त, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, जोन कमिश्नर तथा थाना प्रभारी सरकंडा को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 17 जुलाई की सुबह लगभग 9:30 बजे, जब तेज बारिश हो रही थी, उसी दौरान पार्षद जय वाधवानी अपने साथ 4-5 अज्ञात लोगों के साथ सोसायटी पहुंचे और बिना सोसायटी प्रबंधन या समिति की अनुमति लिए बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। समिति का आरोप है कि यह कार्रवाई बिना किसी पूर्व सूचना, प्रशासनिक अनुमति अथवा वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए की गई, जो पूरी तरह मनमानी और अवैध है।

समिति का कहना है कि बाउंड्री वॉल टूटने के बाद बाहरी क्षेत्र का भारी मात्रा में बारिश का पानी सीधे सोसायटी परिसर में घुस गया, जिससे पूरे कैंपस में जलभराव की स्थिति बन गई। पानी भरने से सोसायटी के इलेक्ट्रिकल रूम, लिफ्ट, गैस बैंक और आर.ओ. फिल्टर प्लांट पानी में डूब गए। इससे न केवल लाखों रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, बल्कि बिजली और गैस से जुड़े उपकरणों के जलमग्न होने के कारण निवासियों के जीवन पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
शिकायत में कहा गया है कि इस घटना के कारण सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है। बाउंड्री वॉल टूटने से परिसर की सुरक्षा भी भंग हो गई है, जिससे रहवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

सोसायटी ने अपनी शिकायत में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि यदि इस घटना के कारण भविष्य में किसी निवासी, किसी फ्लैट, सोसायटी की संपत्ति या अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को कोई नुकसान, दुर्घटना या जनहानि होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी पार्षद जय वाधवानी की होगी।

समिति ने नगर निगम आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए पार्षद जय वाधवानी एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने, हुए नुकसान का आकलन कराने तथा सोसायटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक बिलासपुर, जोन कमिश्नर तथा थाना प्रभारी सरकंडा को भी भेजी गई है।

उल्लेखनीय है कि लगातार दो दिनों से हुई भारी बारिश के कारण बिलासपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में लिंगियाडीह स्थित इस सोसायटी में बाउंड्री वॉल तोड़े जाने और उसके बाद परिसर में पानी भरने की घटना ने स्थानीय स्तर पर नया विवाद खड़ा कर दिया है। अब इस मामले में नगर निगम और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। इस संबंध में आरोपी पार्षद की प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं मिल पाई है।
