

रतनपुर (जिला बिलासपुर)। थाना रतनपुर पुलिस ने होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से कुल 85 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया।
दो गांवों में दबिश
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरखुंडी और ग्राम रिंगवार में अवैध महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

ग्राम खैरखुंडी में आरोपी लक्की प्रसाद प्रजापति (22 वर्ष) के घर की बाड़ी से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
ग्राम रिंगवार में आरोपी शिवशंकर धनवार (30 वर्ष) के घर से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
कुल 85 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 17 हजार रुपये बताई गई है, जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
टीम का विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उप निरीक्षक नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली तथा आरक्षक बिजेन्द्र रात्रे, संजय यादव और मालिकराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा।
