होली से पहले यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 711 नशे में वाहन चलाने वालों पर केस


बिलासपुर। यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा होली पर्व के मद्देनजर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जनवरी माह से अब तक नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 711 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं, जहां उन्हें आर्थिक दंड से दंडित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।


शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे अधिक हादसे
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में यह सामने आया है कि सर्वाधिक दुर्घटनाएं शाम 6:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे के बीच होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में विशेष अभियान चलाकर अधिकतम चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।


इन मामलों में हो रही कार्रवाई
अभियान के तहत निम्न उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है—
शराब सेवन कर वाहन चलाना
बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाना
तेज एवं लापरवाहीपूर्वक ड्राइविंग
ट्रिपल सवारी
गलत नंबर प्लेट व गलत दिशा में वाहन चलाना
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना
स्टंटिंग, हूटर, प्रेसर हॉर्न व मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग
आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से भी ऑनलाइन चालानी कार्रवाई कर नियम तोड़ने वालों पर समन शुल्क अधिरोपित किया जा रहा है।
होली पर विशेष निगरानी
होली पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग पॉइंट लगाकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। नशे में वाहन चलाने, हुल्लड़बाजी, असामाजिक व्यवहार, स्टंटिंग या अमर्यादित आचरण करने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और संयम के साथ मनाएं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करें, ताकि स्वयं और अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!