होली पर बिलासपुर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था, चौक-चौराहों पर कड़ी निगरानी


बिलासपुर। होली पर्व के मद्देनजर बिलासपुर में इस वर्ष अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर चेकिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां पर्याप्त पुलिस बल और अधिकारी तैनात हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा कुल 78 पेट्रोलिंग वाहनों को तैनात किया गया है, जिनमें प्रत्येक वाहन में एक अधिकारी के साथ छह-छह जवान मौजूद हैं। इसके अलावा 37 बाइक पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय है, जिनमें दो-दो जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षु आईपीएस सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने होलिका दहन की रात स्वयं मैदान में उतरकर रात्रि 2 बजे तक सभी चेकिंग प्वाइंट का निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार शहर में सभी स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण है।
व्यापक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
होली के मद्देनजर पुलिस ने बड़े पैमाने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है—
128 आदतन निगरानी/गुंडा बदमाशों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
36 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत सदा आचरण हेतु कार्रवाई।
337 व्यक्तियों को धारा 126 एवं 135 BNSS के तहत बाउंड ओवर किया गया।
19 संदिग्ध व्यक्तियों पर धारा 128 BNSS के तहत कार्रवाई।
22 आरोपियों को धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
64 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!