
आकाश मिश्रा

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में बिजली चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन जांच अभियान चलाया। अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े के नेतृत्व में 55 अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने एक साथ छापेमार कार्रवाई कर 31 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। प्रारंभिक जांच में करीब 25 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता सामने आई है।
मोबाइल बंद कर गोपनीय तरीके से शुरू हुआ अभियान
कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखने के लिए अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े ने अभियान शुरू होने से पहले सभी अधिकारियों के मोबाइल फोन बंद करवा दिए। सुबह करीब 11 बजे लोरमी में टीम को एकत्रित कर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। यह कार्रवाई लगभग पांच घंटे तक चली।
जांच में सामने आए कई तरीके
जांच के दौरान बिजली चोरी के अलग-अलग तरीके सामने आए।
14 मामले मीटर बायपास के
12 मामले हुकिंग के
2 मामले घरेलू कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग
2 मामले मीटर में छेड़छाड़ के पाए गए
दो घरों में मीटर से छेड़छाड़ की पुष्टि भी हुई है।
इन उपभोक्ताओं पर दर्ज हुआ मामला
बिजली चोरी के प्रकरण में सतिंदर सलूजा, घनश्याम केशरवानी, माधुरी सोनी, टेकचंद गुप्ता, अनिल सलूजा, धर्मेंद्र गिरी गोस्वामी, शैलेन्द्र ठाकुर, रामलोचन साहू, अमर सिंह ध्रुव, दुर्गेश श्रीवास, जवाहर लाल साहू, भगवान सिंह राजपूत, नरेश कुमार राजपूत, अनवर यासिनी, बालेश्वर राठौर, प्रकाश मंगेश्कर, कपिल सिंह राजपूत, लल्ला सिंह, सरजू राम यादव, बेदू राजपूत, प्रदीप यादव, नर्मदा बाई वैष्णव, सतीश अहिरवार, हामिद मोहम्मद, अर्जुन सिंह राजपूत, राधेश्याम राठौर, धनीराम राजपूत और विजय राजपूत के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
थाने में एफआईआर के लिए आवेदन
अधीक्षण यंत्री सुरेश जांगड़े ने बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में आवेदन दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोरमी क्षेत्र में बिजली चोरी की शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी अनियमितता उजागर हुई है।
बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
