

बिलासपुर। बिलासपुर में बीच सड़क बर्थडे सेलिब्रेशन करना चार युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में लिया और उनके वाहन जब्त कर लिए।
जानकारी के अनुसार अशोक नगर निवासी एक ड्राइवर ने पुलिस को शिकायत दी कि 21 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे जब वह काम से कोनी रोड की ओर जा रहा था, तब राधाकृष्ण मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर भारी भीड़ जमा थी। मौके पर बुलेट (CG 04 SU 0562) और स्कूटी (CG 10 AC 6822) सवार युवक-युवतियों ने बीच सड़क पर ही वाहन खड़े कर रखे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की सीट पर केक रखकर आतिशबाजी की जा रही थी। वहां दो युवक और दो युवतियां मौजूद थे। इनमें से एक युवती ने बर्थडे क्राउन पहन रखा था और उसकी स्कूटी पर गिफ्ट भी रखे थे। आरोप है कि साथ मौजूद युवक सड़क पर ही केक काटते हुए आतिशबाजी कर रहे थे और राहगीरों से विवाद भी कर रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकंडा पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया। पुलिस ने सड़क यातायात बाधित करने, लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा करने और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार का जश्न मनाकर कानून व्यवस्था और यातायात में बाधा न उत्पन्न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
