जिला अस्पताल बिलासपुर में डिलीवरी के बाद ‘खर्चापानी’ मांगने का वीडियो वायरल, जांच के आदेश

शशि मिश्रा


बिलासपुर। बिलासपुर की न्यायधानी से स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। जिला अस्पताल बिलासपुर में प्रसव के बाद मरीजों के परिजनों से  ‘खर्चापानी’ के नाम पर पैसे मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक महिला स्टाफ प्रसव के बाद परिजनों से रकम की मांग करती दिखाई दे रही है। परिजनों का आरोप है कि यह मांग ‘रिवाज’ बताकर की जाती है, जबकि सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी से जुड़ी सभी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने का प्रावधान है। ऐसे में पैसे की मांग को नियमों की खुली अनदेखी माना जा रहा है।
वीडियो में संबंधित महिला स्टाफ यह कहते हुए भी सुनाई दे रही है, “एक में लुहू, पांच उमन ज्यादा नहीं…”, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप यह भी है कि आर्थिक रूप से सक्षम परिवारों से तो आसानी से राशि वसूली जाती है, वहीं गरीब व जरूरतमंद परिवारों पर भी अप्रत्यक्ष दबाव बनाया जाता है।
वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर ठोस कार्रवाई होती है या मामला केवल औपचारिक जांच तक सीमित रह जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!