एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित, टीआई समेत 10 जवान शामिल


बिलासपुर। बिलासपुर जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी और संगठित कार्रवाई के लिए नई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह विशेष टीम एडिशनल एसपी सिटी की निगरानी में कार्य करेगी।
रजनेश सिंह द्वारा 23 फरवरी को जारी आदेश के तहत गठित इस टीम का नेतृत्व सीएसपी निमितेश सिंह करेंगे, जबकि प्रभारी निरीक्षक के रूप में टीआई अनिल अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में एक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल समेत कुल 10 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं।
टीम में शामिल अधिकारी-कर्मचारी
टीआई अनिल अग्रवाल
एसआई कमलेश बंजारे
हेड कांस्टेबल देवमुन सिंह पुहूप
आतिश पारिक
आरक्षक अविनाश कश्यप
अभिजीत डाहिरे
प्रेमलाल सूर्यवंशी
रविशंकर यादव
निखिल राव जाधव
गठित टीम को गांजा, नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के बड़े नेटवर्क व गिरोहों के खिलाफ सूचना संकलन से लेकर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है। एनडीपीएस मामलों में बड़े तस्करों, सप्लायरों और स्थानीय स्तर पर नशे की खेप खपाने वालों की गतिविधियों के साथ-साथ उनकी आय और संपत्ति की भी जानकारी जुटाई जाएगी। टीम को नारकोटिक्स एक्ट के तहत आवश्यक अधिकार प्रदान किए गए हैं।
गौरतलब है कि एसएसपी रजनेश सिंह के बिलासपुर की कमान संभालने के बाद जिले में नशे के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की गई हैं। नशीली दवाओं के किंगपिन सुच्चा सिंह सहित ट्रेनों के जरिए गांजा सप्लाई करने वाले गिरोहों और अवैध शराब कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई है।
एनडीपीएस मामलों में संपत्ति जब्ती के मामले में छत्तीसगढ़ में बिलासपुर अग्रणी बताया जा रहा है। अब तक 19 से अधिक आरोपियों की करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। नई टास्क फोर्स से नशे के अवैध कारोबार पर और प्रभावी अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!