
शशि मिश्रा


छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट और बिलासपुर पुलिस द्वारा लगातार संज्ञान में लेने के बावजूद हुड़दंगी सड़क पर बर्थडे मानने से बाज नहीं आ रहे हैं। हाल की कुछ घटनाओं में पुलिस की किरकिरी भी हुई है लेकिन इस तरह की घटनाएं थम नहीं रही।

एक बार फिर शनिवार रात को करीब 10 -11 बजे बिलासपुर कोनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय के सामने सड़क पर दो युवक और 2 युवतियां इसी तरह से बर्थडे मना रहे थे । यह लोग एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी पर सवार थे ।प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार केक काटने के अलावा इन लोगों ने सड़क पर ही जमकर आतिशबाजी भी की। स्काई शॉट पटाखे फोड़े गए और गन लाइटर जलाकर खूब हुड़दंग किया गया, जिस वजह से कुछ देर के लिए यहां ट्रैफिक थम गया।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे किसी जागरूक नागरिक ने पूरे मामले का वीडियो बना लिया। साथ ही सरकंडा पुलिस को भी इसकी खबर कर दी। जब तक पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंचती चारों युवक और युवती वहां से भाग खड़े हुए। हालांकि वीडियो में उनके मोटरसाइकिल के नंबर कैद हो गए हैं और अपुष्ट सूत्रों के अनुसार मोटरसाइकिल किसी ताहिर का बताया जा रहा है । इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही है कानून और नियम भंग करने के साथ ऐसे लोग जाहिर तौर पर पुलिस को भी चुनौती दे रहे हैं। इसलिए ऐसे तत्वों पर लगाम कसने की जरूरत है।


वही बताया जा रहा है कि जिन्होंने यह वीडियो रिकॉर्ड किया है उन्हें भी लगातार धमकाया जा रहा है कि वे यह वीडियो डिलीट कर दे। यानी कि सड़क पर हुड़दंग करते हुए बर्थडे मनाने वाले दबंग अब धमकी भी दे रहे हैं । वैसे यह जगह अपराधियों के लिए मुफीद है। कई बार यहां लूटपाट और छेड़छाड़ की घटनाएं घट चुकी है। जानकारी मिली है कि सरकंडा पुलिस ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया है और जांच कर रही है । वैसे भी युवक और युवतियों के चेहरे वीडियो में कैद है और मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर पुलिस आसानी से उन तक पहुंच सकती है इसलिए देखना होगा कि कब तक ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्यवाही होती है।

