पानी टंकी का निर्माण और सिरगिट्टी पाइपलाइन विस्तार का काम जल्द पूरा करें-निगम कमिश्नर

बिलासपुर- घुरू में 15 वें वित्त आयोग से ढाई करोड़ की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया जा रहा है,175 केएल की क्षमता से निर्माणाधीन इस टंकी के शुरू हो जाने से घुरू अमेरी क्षेत्र में जल आपूर्ति सुचारू रूप से हो सकेगी। इस निर्माणाधीन पानी टंकी और पाइपलाइन कार्य का आज निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण किया। इस दौरान निगम कमिश्नर ने अधिकारियों और ठेकेदार को शीघ्र ही इस कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए,विदित है कि पानी टंकी निर्माण में पचास प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है,शेष कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए है। 

     इसी तरह सिरगिट्टी में हर साल होने वाले जल संकट को दूर करने के लिए अमृत मिशन योजना के तहत संचालित बिरकोना ट्रीटमेंट प्लांट से 9 करोड़ की लागत से सिरगिट्टी तक साढ़े चार किमी पाइपलाइन का विस्तार किया जा रहा है। इस कार्य का भी निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने निरीक्षण किया। निगम कमिश्नर ने कहा कि यह कार्य जनहित की दृष्टी से अत्यंत महत्वपूर्ण है,इस कार्य को जल्द से जल्द गुणवत्ता के साथ पूरा करें ताकि सिरगिट्टी क्षेत्र के वासियों को इसका लाभ मिल सकें। विदित है कि सिरगिट्टी क्षेत्र में गर्मी के मौसम में भू जल स्तर गिरने की वजह से हर साल पानी की समस्या हो जाती है, जिसके निराकरण के लिए अमृत मिशन के तहत बिरकोना प्लांट से सतही जल पहुंचनाने का कार्य किया जा रहा है। पाइपलाइन विस्तार के बाद बिरकोना स्थित प्लांट से पानी मिलने पर सिरगिट्टी क्षेत्र में पानी की समस्या से निजात मिलेगा। इसके अलावा निगम कमिश्नर ने डाॅग सेल्टर का भी निरीक्षण कर कुत्तों को पकड़ने और रखने की जानकारी ली,इसके अलावा सेल्टर में वैक्सीनेशन और बधियाकरण की भी जानकारी लेकर निगम कमिश्नर श्री सर्वे ने रख रखाव संबधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!