

बिलासपुर। नगर निगम ने बकाया किराया और नियम उल्लंघन के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 दुकानों पर ताला जड़ दिया। नेहरू नगर गणेश चौक स्थित महिला समृद्धि बाजार की 13 दुकानों और नूतन चौक स्थित मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना की 10 दुकानों को सील किया गया। दोनों स्थानों पर मिलाकर 29 लाख 95 हजार 574 रुपये किराया बकाया बताया गया है।
तीन साल से किराया नहीं, दुकानें आगे किराए पर
जानकारी के अनुसार, नगर निगम द्वारा ये दुकानें मात्र 800 रुपये प्रतिमाह के किराए पर आवंटित की गई थीं। स्पष्ट नियम है कि इन्हें किसी अन्य को किराए पर नहीं दिया जा सकता। इसके बावजूद कुछ हितग्राहियों ने दुकानों को 5 से 7 हजार रुपये प्रतिमाह में अन्य लोगों को किराए पर दे दिया।
योजना का लाभ उठाकर मोटी कमाई की गई, लेकिन निगम का किराया तीन वर्षों तक जमा नहीं किया गया। महिला समृद्धि बाजार में कुल 77 दुकानें हैं, जिनमें से 13 को सील किया गया। वहीं नूतन चौक स्थित 33 दुकानों में से 10 पर ताला लगाया गया।
चार नोटिस के बाद भी नहीं जमा हुआ किराया
कार्यपालन यंत्री जुगल सिंह के अनुसार, संबंधित दुकानदारों को तीन महीनों में चार बार नोटिस जारी किए गए। स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि बकाया राशि जमा नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद न तो किराया जमा किया गया और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। अंततः निगम को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।
विरोध के बीच पूरी हुई कार्रवाई
नूतन चौक में कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया। टीम को रोकने की कोशिश की गई और एक सप्ताह की मोहलत मांगी गई। जब मांग नहीं मानी गई तो कुछ लोग शटर के सामने खड़े हो गए और ताला लगाने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि निगम अमला पीछे नहीं हटा और कार्रवाई पूरी की गई।
सिफारिशें भी बेअसर
कार्रवाई के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कुछ नेताओं के फोन आने की चर्चा रही, लेकिन निगम अधिकारियों ने किसी प्रकार की सिफारिश नहीं मानी और नियमों के तहत कार्रवाई जारी रखी।
आगे होगी जांच
नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कहा कि जिन लोगों ने दुकानें आगे किराए पर दी हैं, उनकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री जुगल सिंह, बाजार विभाग से अनिल सिंह, लियाकत अली तथा अतिक्रमण विभाग से संतोष वर्मा, शिव बहादुर जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
