बिलासपुर सराफा कारोबारी लूट कांड: यूपी में शॉर्ट एनकाउंटर, एक बदमाश के पैर में गोली, गिरोह ने किया सरेंडर

शशि मिश्रा


बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 2 किलो सोना और साढ़े तीन लाख रुपए समेत 3.35 करोड़ रुपये की लूट के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आरोपियों का पीछा करते हुए बिलासपुर पुलिस की टीम उत्तरप्रदेश पहुंची, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से मिर्जापुर में बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। घटना के बाद घबराए बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनकाउंटर में विजय लाम्बा और उसके साथी को गोली लगी है तो वही इनका पांचवा साथी बिलासपुर में गिरफ्तार हुआ है।


बताया जा रहा है कि आज मिर्जापुर में यूपी पुलिस पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।
बिलासपुर में हुई थी 3.35 करोड़ की लूट
मंगलवार रात बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी संतोष तिवारी के साथ 3.35 करोड़ रुपये की लूट की वारदात हुई थी। घटना के बाद पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। आईजी रामगोपाल गर्ग स्वयं मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली।
जांच के दौरान शहर के आउटर क्षेत्र ग्राम उरतुम के पास लूटी गई कार बरामद की गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और कार दोनों चोरी की थीं। बाइक अंबिकापुर में पदस्थ नगर सैनिक राकेश चौबे के नाम पर दर्ज थी, जिसे 13 फरवरी को मैनपाट से चोरी किया गया था। वहीं सफेद रंग की इको वैन अकलतरा थाना क्षेत्र से एक दिन पहले चोरी की गई थी।


10 टीमों ने संभाली जांच
लुटेरों को पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें बनाई गईं।
तीन टीमें टेक्निकल इनपुट के आधार पर यूपी, बिहार और झारखंड रूट पर काम कर रही थीं।
एक टीम शहर के होटल और लॉज में ठहरने की जानकारी जुटा रही थी।
एक टीम सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी रही।
टॉवर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों पर भी विशेष टीम ने काम किया।
फिंगरप्रिंट का मिलान नेफिस सर्वर पर लोड डाटा से किया गया।
सीसीटीवी जांच में सामने आया कि लुटेरे स्कॉर्पियो वाहन से सराफा कारोबारी का पीछा कर रहे थे। कार बरामद होने के बाद स्पष्ट हुआ कि आरोपी उसी स्कॉर्पियो से फरार हुए थे।
लूट का पैटर्न और पुराने केस से जुड़े तार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल कर लूट की वारदात को अंजाम देता था। दिसंबर माह में सरकंडा क्षेत्र में होटल व्यवसायी लखन लाल देवांगन उर्फ निटी के साथ लूट के प्रयास में भी इसी तरह चोरी की बाइक का उपयोग किया गया था।
इस मामले में गिरोह के सदस्य गगनदीप बंसल को मध्यप्रदेश के अनूपपुर से गिरफ्तार किया गया था। उसके अन्य साथी विजय लाम्बा, आमीर और शकील फरार थे। दोनों मामलों को जोड़कर जांच करने पर पुलिस को अहम सुराग मिला, जिसके बाद टीम उत्तरप्रदेश रवाना हुई।
मिर्जापुर में मुठभेड़
बिलासपुर पुलिस के तकनीकी इनपुट पर यूपी पुलिस और एटीएस ने मिर्जापुर में संदिग्ध वाहन का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद अन्य आरोपियों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
प्रोडक्शन वारंट पर लाए जाएंगे आरोपी
आज मिर्जापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद बिलासपुर पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर बिलासपुर लाएगी, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी।
इस कार्रवाई से 3.35 करोड़ की बड़ी लूट का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!