

बिलासपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोनी पुलिस ने संगठित रूप से गांजा बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 700 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और नगदी 1550 रुपये जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 79,050 रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिरकोना निवासी श्रीमती प्रमिला वर्मा अपने घर के सीढ़ी में बैठकर अवैध रूप से गांजा बेच रही हैं। सूचना की तस्दीक कर पुलिस टीम ने NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए मौके पर दबिश दी।
घर से मिला गांजा और नगदी
घेराबंदी कर पुलिस ने श्रीमती प्रमिला वर्मा (38 वर्ष), निवासी ग्राम बिरकोना, थाना कोनी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सफेद झिल्ली व भूरे पैकेटों में रखा 3 किलो 700 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और 1550 रुपये नगद बरामद किए गए।
पूछताछ में प्रमिला वर्मा ने बताया कि गांजा ग्राम मटियारी निवासी बलराम यादव (38 वर्ष) द्वारा बिक्री के लिए दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने बलराम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने 4 किलो गांजा 10 हजार रुपये में देने की बात स्वीकार की।
पहले से जेल में है आरोपी का पति
पुलिस के अनुसार प्रमिला वर्मा का पति अदीप उर्फ टैंगना वर्मा भी पूर्व में गांजा तस्करी के मामले में थाना मस्तूरी से गिरफ्तार हो चुका है और वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) NDPS एक्ट एवं धारा 112 BNSS के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस की जनअपील
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सख्त कार्रवाई की जा सके।
