

बिलासपुर। हिर्री पुलिस ने हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को पुलिस रिमाण्ड पर लेकर पूछताछ और शिनाख्तगी की कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 को पेण्ड्रीडीह चौक स्थित राज ढाबा के पास एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4), 238बी, 3(5) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान यह मामला थाना कोनी के अपराध क्रमांक 17/2026 से जुड़ा पाया गया, जिसमें धारा 103(1), 309(4), 309(6), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। विवेचना के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट के जरिए न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपियों में जय दिवाकर उर्फ छोटू (20), सूरज साहू उर्फ दादू साहू (20) और प्रदीप धुरी उर्फ संजू बाबा (19) शामिल हैं। तीनों आरोपी बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी और तिफरा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से मेमोरण्डम कथन लिया गया तथा आवश्यक जप्ती कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें माननीय जेएमएफसी न्यायालय बिल्हा में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर 18 फरवरी 2026 को जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है तथा हाईवे पर गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
