केंदा घाटी में कोयला लोड ट्रेलर खाई में पलटा, ड्राइवर की मौत, खलासी भी दबा मिला


बिलासपुर। केंदा घाटी में मंगलवार सुबह एक कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी का शव कोयले के नीचे दबा मिला।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 04 PJ 3515 का चालक प्रकाश महरा खलासी उमेश विश्वकर्मा के साथ बिलासपुर की ओर जा रहा था। सुबह के समय केंदा घाटी के पास ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चालक को केबिन से बाहर निकालकर पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ट्रेलर में भरे कोयले को हटाने पर खलासी उमेश विश्वकर्मा का शव नीचे दबा हुआ मिला। उमेश मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के ग्राम धनपुरी का निवासी बताया गया है।
दो महीने पहले भी हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि इसी स्थान पर 2 दिसंबर को यात्रियों से भरी एक बस भी पलट गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मृतक उमेश के भाई बुद्धसेन विश्वकर्मा को दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी हेमंत सिंह के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रेलर मालिक को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!