बिलासपुर में अपार आईडी को लेकर 15 निजी स्कूलों को नोटिस, मान्यता रद्द करने की चेतावनी


बिलासपुर। विद्यार्थियों की डिजिटल पहचान (अपार आईडी) बनाने और यू-डाइस पोर्टल पर आधार नंबर की प्रविष्टि में लापरवाही बरतने वाले जिले के 15 निजी स्कूलों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक (समग्र शिक्षा) ने संबंधित स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समयसीमा में जवाब नहीं देने पर मान्यता रद्द करने की चेतावनी दी गई है।
समीक्षा में सामने आई लापरवाही
विभागीय समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई निजी शिक्षण संस्थानों ने बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों के आधार नंबर और अपार आईडी संबंधी जानकारी अपडेट नहीं की। कुछ स्कूलों में डेटा एंट्री का कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है, वहीं उच्च कार्यालय के आदेशों की भी अनदेखी की गई।
कलेक्टर ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए सख्त रुख अपनाया है।
इन स्कूलों को जारी हुआ नोटिस
जिन स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें लोयोला उ.मा. विद्यालय, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बहतराई, फेरीविन विद्यालय भारतीय नगर, एसईसी रेलवे अंग्रेजी माध्यम, ड्रीमलैंड अरविंद नगर, बर्जेश अंग्रेजी माध्यम, चैतन्य टेक्नो स्कूल तोरवा, सेंट फ्रांसिस, फ्रेग्रेश कॉन्वेंट, फ्यूचर हाइट्स अंग्रेजी माध्यम, न्यू एंबीशन पब्लिक स्कूल, सीता देवी नेवसा, जैन इंटरनेशनल स्कूल, विवेकानंद उ.मा. बसहा तथा केंद्रीय जेल कॉलोनी स्थित स्कूल शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक और डिजिटल पहचान से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की आगे भी निगरानी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!