हर जोन में बनेगा पानी का कंट्रोल रूम, मार्च तक 20 नए टैंकर खरीदने की तैयारी


बिलासपुर। शहर में बढ़ती जल समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अब हर जोन में अलग-अलग पानी का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, ताकि वार्ड स्तर पर शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके। अभी तक पूरे शहर के लिए केवल विकास भवन में एक केंद्रीय कंट्रोल रूम संचालित हो रहा था।
नई व्यवस्था के तहत जोन 3, 4 और 5 का कंट्रोल रूम विकास भवन में ही संचालित होगा, जबकि जोन 1, 2, 6, 7 और 8 में संबंधित जोन कार्यालयों में अलग कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। महापौर पूजा विधानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्च तक सभी कंट्रोल रूम शुरू कर दिए जाएं। प्रत्येक कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, ताकि वार्डवासियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो सके।
52 में से 33 टैंकर ही चालू
शहर के 70 वार्डों में पानी आपूर्ति के लिए वर्तमान में 52 टैंकर उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें से केवल 33 ही चालू हालत में हैं। करीब 20 टैंकर खराब पड़े हैं, जबकि कई टैंकरों में लीकेज की समस्या है। महापौर ने निर्देश दिए हैं कि मरम्मत योग्य टैंकरों की तुरंत रिपेयरिंग कराई जाए और चालू टैंकरों में भी लीकेज दूर किया जाए, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके।
20 नए टैंकर जुड़ेंगे
नगर निगम मार्च तक 20 नए पानी के टैंकर खरीदने की तैयारी में है। साथ ही प्रत्येक जोन में टैंकरों के आवश्यक पार्ट्स उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि किसी भी वार्ड में पानी की आपूर्ति बाधित न हो।
पेयजल योजना अधूरी
गौरतलब है कि 28 करोड़ रुपए की लागत से बन रही पेयजल योजना का काम अभी अधूरा है। पाइपलाइन बिछाने का बड़ा हिस्सा बाकी है और निर्माण की धीमी रफ्तार व फंड में देरी के कारण इस गर्मी तक योजना के पूर्ण होने की संभावना कम है। ऐसे में आउटर और सिरगिट्टी क्षेत्र के निवासियों को इस बार भी पानी संकट से जूझना पड़ सकता है।
शहर में पिछले कुछ वर्षों से लगातार जल संकट की स्थिति बन रही है। नगर निगम की नई व्यवस्था से लोगों को कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!